बेतिया,27मार्च (वार्ता) बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र में नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा एवं मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी(एसडीपीओ) विवेक दीप ने बताया कि 11 मार्च को चनपटिया पुरैना अहीर टोली निवासी राजा कुमार उर्फ राज कुमार के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि अज्ञात अपराधियों ने नशीला पदार्थ खिलाकर उनका ई-रिक्शा और मोबाइल चोरी कर लिया है।

अनुसंधान के दौरान मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बैशखवा निवासी पप्पू साह को बेतिया के हजारी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर चोरी की गई ई-रिक्शा (पूर्व में बरामद), दो बैट्री, दो हजार रुपये नकद, एक मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस एवं बैंक कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है तथा उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस छापेमारी दल में एसडीपीओ विवेक दीप, थानाध्यक्ष अमित कुमार,पुअनि प्रिंस कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित