नयी दिल्ली , फरवरी 11 -- पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए मेरठ में एम्स की स्थापना की मांग बुधवार को राज्यसभा में उठी। भारतीय जनता पार्टी के लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के 21 प्रतिशत मरीज दिल्ली एम्स में उपचार के लिए आ रहे हैं और इनकी संख्या में 17. 6 प्रतिशत की दर से बढोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि मेरठ के सरकारी अस्पताल में एम्स के लिए 52 एकड़ भूमि उपलब्ध है जहां एम्स की स्थापना की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यदि एम्स की स्थापना संभव न हो तो मेरठ में पीजीआई संस्थान या एम्स का सेटेलाइट सेंटर बनाया जाना चाहिए।

समाजवादी पार्टी के जावेद अली खान ने उत्तर प्रदेश सहित देश भर में आवारा कुत्तों तथा बंदरों के लोगोंं पर बढते हमलों का मुद्दा उठाते हुए बंदरों को वन्यजीव प्राणियों मेंं शामिल किये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बंदरों को वन्यजीव प्राणी घोषित किये जाने से वन्यजीव विभाग को उनकी देखभाल की जिम्मेदारी लेनी होगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक वर्ष में बंदरों और कुत्तों के लोगोंं पर हमले के 30 हजार मामले सामने आये हैं और यह समस्या एक महामारी के रूप में सामने आ रही है।

जनता दल यू के संजय झा ने बिहार के दरभंगा हवाई अड्डे की क्षमता बढाकर उसे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि दरभंगा उडान योजना के सबसे सफल उदाहरणों में से एक है और यहां से औसतन 30 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने इस बारे में विमानन मंत्रालय को एक प्रस्ताव दिया है और इसके लिए जरूरी 90 एकड़ भूमि देने के लिए उसके अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

कांग्रेस के अशोक सिंह ने मध्य प्रदेश के सोयाबीन किसानों को कम दाम मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के बाद इनकी दिक्कतें और बढ जायेंगी। उन्होंने इन सोयाबीन किसानोंं के लिए सोयाबीन का मूल्य बढाये जाने की मांग की।

आम आदमी पार्टी के राघव चढ्ढा ने अच्छा प्रदर्शन नहीं करने वाले सांसदों और विधायकों का निर्वाचन रद्द करने के लिए मतदाताओं को 'राइट टू रिकॉल' का अधिकार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ महाभियोग लाया जा सकता है तो सांसदों और विधायकों को क्यों नहीं हटाया जा सकता।

समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति में शामिल में कंजर जाति का नाम बदलकर कयार किये जाने की मांग की । उन्होंने कहा कि इस नाम को सुनते ही इन लोगों को भले ही वे अधिाकारी हों हेय दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि इससे पूरे समाज को सम्मान मिलेगा।

भाजपा के राधामोहन दास अग्रवाल ने विदेश में नौकरी करने वाले युवाओं से मां बाप की सेवा करने के संबंध में हलफनामा लेने की व्यवस्था करने की मांग की।

भाजपा के मयंक कुमार नायक ने गुजरात के गांधीनगर और दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग की।

आम आदमी पार्टी के अशोक कुमार मित्तल ने सरकारी अधिकारियों की लापरवाही से विभिन्न घटनाओं में लोगों की मृत्यु का मुद्दा उठाते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित