धार , जनवरी 31 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के ग्राम सुंदरैल स्थित गोटवाला फार्म, जो मध्यप्रदेश की सबसे पुरानी बकरी पालन एवं प्रजनन केंद्र इकाई है, का शुक्रवार को मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन विभाग (स्वतंत्र प्रभार) के मंत्री लखन पटेल ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने फार्म के संस्थापक दीपक पाटीदार द्वारा संचालित उन्नत बकरी पालन इकाई का अवलोकन किया। दीपक पाटीदार को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर "बकरी पंडित" पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
भ्रमण के दौरान मंत्री पटेल ने सिरोही, सोजत, बीटल, करौली, बरबरी सहित अन्य उन्नत नस्लों की बकरियों की गुणवत्ता, वैज्ञानिक प्रजनन प्रणाली और प्रबंधन मॉडल की जानकारी ली। उन्होंने फार्म में विकसित जीरो वेस्टेज मॉडल का भी निरीक्षण किया, जिसमें बकरियों के मैंगनी और मल से वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर ऑर्गेनिक सब्जी उत्पादन सहित संसाधनों का समुचित उपयोग किया जा रहा है।
इस अवसर पर दीपक पाटीदार के साथ मध्यप्रदेश में बकरी पालन की संभावनाओं, इसके विस्तार, ग्रामीण उद्यमिता विकास तथा शासन और उद्यमियों के संयुक्त सहयोग से पीपीपी मॉडल विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री पटेल ने इस मॉडल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बताते हुए इसकी सराहना की।
इसके पश्चात मंत्री श्री पटेल ने शिव नर्सरी का भ्रमण किया, जहां नर्सरी के संस्थापक शिवजी पाटीदार ने संपूर्ण नर्सरी की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। मंत्री ने यहां टमाटर, मिर्च, पपीता, तरबूज सहित विभिन्न फसली एवं नर्सरी पौधों की सफल खेती का अवलोकन किया।
तदुपरांत ग्राम पंचायत द्वारा मंत्री का स्वागत किया गया। पंचायत द्वारा विकसित पशु बाजार में गिर गायों की उन्नत नस्लों का अवलोकन करते हुए मंत्री ने पंचायत के प्रयासों, पशुपालकों और व्यापारी बंधुओं के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिले के उपसंचालक पशुपालन डॉ. आर. एस. सिसोदिया सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंत्री लखन पटेल ने दीपक पाटीदार के नवाचारों और योगदान की प्रशंसा करते हुए शासन स्तर से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित