कोरिया , मार्च 19 -- छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में गौवंशीय और भैंसवंशीय पशुओं को खुरहा-चपका रोग से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सघन टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है।
गौरतलब है कि पशुधन विकास विभाग द्वारा यह अभियान 15 मार्च से मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है, जो 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी गांवों में पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला जनसंपर्क अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में पशुधन विकास विभाग बैकुण्ठपुर द्वारा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष टीकाकरण दलों का गठन किया गया है। इन दलों को आवश्यक टीकाद्रव्य, उपकरण तथा अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गई है। दलों को वाहन सुविधा प्रदान करते हुए विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा गया है, ताकि दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण किया जा सके।
कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी ने टीकाकरण दलों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। अभियान के दौरान पशुओं को टीकाकरण से पूर्व कृमिनाशक दवा भी दी जा रही है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके। साथ ही टीकों की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए शीत-श्रृंखला का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके अतिरिक्त मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों को भी अभियान से जोड़ा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपचार और टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
अभियान की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी टीकाकरण गतिविधियों की जानकारी भारत पशुधन ऐप में दर्ज की जा रही है। इसमें आधार आधारित ओटीपी सत्यापन और जियो टैग फोटो के माध्यम से प्रविष्टि अनिवार्य की गई है, जिससे टीकाकरण की वास्तविक स्थिति की ऑनलाइन निगरानी संभव हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित