मेदीनीनगर , दिसंबर 15 -- झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध खेती और तस्करी का खुलासा किया है।

पलामू के तरहसी प्रखंड अंतर्गत ललगाड़ा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 43.5 किलोग्राम कच्चा गांजा बरामद किया है। इस मामले में घर मालिक सह तस्कर जयराम उरांव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनोज झा ने सोमवार को मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 14 दिसंबर की रात करीब 11.30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, तरहसी थाना क्षेत्र के ललगाड़ा गांव में जयराम उरांव के घर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ (कच्चा गांजा) रखा गया है, जिसे सुखाकर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

एसडीपीओ के निर्देश पर तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सहायक अवर निरीक्षक महताब आलम, रंजीत कुमार दियाशी, हवलदार छवि रविदास, जवान खुर्शीद आलम, अनिल टोपनो समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस दल ने देर रात ललगाड़ा गांव पहुंचकर जयराम उरांव के घर की तलाशी ली।

छापामारी के दौरान पुलिस ने घर से 5 प्लास्टिक के बोरे और एक जूट के बोरे में भरकर रखा गया कुल 43.5 किलोग्राम कच्चा गांजा बरामद किया। पूछताछ में सामने आया कि जयराम उरांव ने गांजे की खेती की थी और फसल तैयार होने के बाद उसे सुखाकर घर में संग्रहित कर लिया था। वह गांजे को पूरी तरह तैयार कर बाजार में बेचने की योजना बना रहा था।

इस मामले में तरहसी थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी जयराम उरांव को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित