रांची , फरवरी 03 -- झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहर पंचायत के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास के चलते हुए एक ही परिवार के तीन लोगों हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों में रविंद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां शामिल हैं। दोनों सगे भाई हैं। इसकी पुष्टि पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने की है।

एसपी ने बताया कि 1 फरवरी को कुसड़ी गांव में अंधविश्वास के कारण विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवन्ती देवी और पुत्र छोटू कुमार की टांगी एवं अन्य धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। वहीं इस हमले में विजय भुईयां की बहू और पोती गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व गांव निवासी महेशी भुईयां (62) की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। हालांकि महेशी के पुत्रों को संदेह था कि उनके पिता की मृत्यु जादू-टोना के कारण हुई है। इसी अंधविश्वास में आकर उन्होंने विजय भुईयां के परिवार पर हमला कर तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

इस मामले में विजय भुईयां की पोती के फर्द बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।

एसपी श्रीमती रमेशन ने बताया कि आरोपी रविंद्र भुईयां को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रमोद भुईयां को पांकी थाना क्षेत्र के इमली चौक से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह फरार होने की कोशिश कर रहा था। मृतक की पोती का दंडाधिकारी की उपस्थिति में फर्द बयान भी दर्ज कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी और चाकू बरामद कर लिए हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि महेशी भुईयां की मौत सामान्य बीमारी से हुई थी, लेकिन अंधविश्वास के कारण आरोपियों ने इसे जादू-टोना से जोड़ते हुए इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। छापेमारी दल में एसडीपीओ मनोज कुमार झा, इंस्पेक्टर जीतराम महली, सब-इंस्पेक्टर रबीन्द्र राहुल साय, आशुतोष रजक और रबीन्द्र कुमार शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित