मेदिनीनगर , मार्च 28 -- झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के कारीहार गांव में शनिवार दोपहर दो बाइकों में जोरदार टक्कर हो गयी, जिससे एक बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि दो जख्मी हो गए।

मृतक की पहचान पड़वा निवासी ओमप्रकाश राम पिता जोधन राम एवं मनातू चक के रामशरण दास के रूप में हुई है। उनके साथ बाइक पर बैठी किशुनपुर पाटन के अमरेश दास की पुत्री अनु कुमारी जख्मी है, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक पांकी भरी के विकास कुमार पिता गुड्डू राम बताया गया है। विकास नानी के घर कारीहार आया था एवं वापस घर जा रहा था। अनु रामशरण की पोती बतायी गयी है। सभी को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक बाइक से ओमप्रकाश राम, रामशरण दास एवं अनु कुमारी, जबकि दूसरी बाइक पर सवार विकास कुमार जैसे ही कारीहार गांव में पहुंचे कि अचानक उनकी बाइक में जोरदार टक्कर हो गयी, जिससे चारो जख्मी हो गए। उन्हें दोपहर करीब 3 बजे इलाज के लिए एमएमसीएच में लाया गया, जहां ओमप्रकाश राम, रामशरण दास को मृत घोषित कर दिया गया। अनु एवं विकास का इलाज शुरू किया गया।

घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दे दी है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम एमएमसीएच में किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित