चंडीगढ़ , मार्च 14 -- हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इस निर्णय के तहत राज्य सरकार की जमीन पलवल नगर परिषद को मौजूदा कलेक्टर दरों पर हस्तांतरित की जाएगी, ताकि वहां पार्किंग सुविधा के साथ कार्यालय-सह-व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि पलवल शहर में लंबे समय से पार्किंग की समस्या बनी हुई है। इसके साथ ही नगर परिषद के लिए एक उपयुक्त प्रशासनिक भवन की आवश्यकता भी महसूस की जा रही थी। इन दोनों जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि जमीन हस्तांतरण के बाद नगर परिषद को आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिसर विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे शहर में वाहनों की पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है, वहीं नगर परिषद को भी बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था संचालित करने के लिए उपयुक्त भवन उपलब्ध होगा।
श्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार पलवल शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए और भी विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित