नयी दिल्ली , जनवरी 25 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पर्यावरण को वर्तमान समय की बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि उन्हें इस बात का गौरव है कि पर्यावरण से जुड़े अनेक क्षेत्रों में भारत ने विश्व समुदाय का मार्गदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ समन्वित जीवन-शैली भारत की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा रही है और पर्यावरण के लिए जीवनशैली भारतीय जीवन का आधार रहा है। यही वजह है कि भारत ने पर्यावरण के क्षेत्र में दुनिया का मार्गदर्शन किया है।
श्रीमती मुर्मु ने रविवार को 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा "पर्यावरण संरक्षण आज की अत्यंत महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। मुझे इस बात पर गर्व होता है कि पर्यावरण से जुड़े अनेक क्षेत्रों में भारत ने विश्व समुदाय का मार्गदर्शन किया है। प्रकृति के साथ समन्वित जीवन-शैली भारत की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा रही है। यही जीवन-शैली, विश्व समुदाय को दिए गए हमारे संदेश 'पर्यावरण के लिए जीवनशैली'' यानी 'जीवन' का आधार है। हम ऐसे प्रयास करें जिनसे भावी पीढ़ियों के लिए धरती माता के अनमोल संसाधन उपलब्ध रह सकें।"उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पूरी दुनिया की शांति की कामना की जाती है। हमारी परंपरा में, समस्त सृष्टि में शांति के बने रहने की प्रार्थना की जाती रही है। पूरे विश्व में शांतिपूर्ण व्यवस्था स्थापित होने से ही मानवता का भविष्य सुरक्षित रह सकता है। विश्व के अनेक क्षेत्रों में व्याप्त अशांति के वातावरण में, भारत द्वारा विश्व-शांति का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।
श्रीमती मुर्मु ने कहा "यह हमारा सौभाग्य है कि हम भारत-भूमि के निवासी हैं। हमारी जननी जन्मभूमि के लिए कवि गुरु रवींद्र नाथ ठाकुर ने कहा था 'ओ आमार देशेर माटी, तोमार पोरे ठेकाइ माथा अर्थात 'हे मेरे देश की माटी! मैं तुम्हारे चरणों में अपना शीश झुकाता हूं।' मैं मानती हूं कि गणतंत्र दिवस, देशभक्ति की इस प्रबल भावना को और भी सुदृढ़ करने के संकल्प का अवसर है। आइए, हम सब मिलकर 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से कार्य करते हुए अपने गणतन्त्र को और भी गौरवशाली बनाएं।"राष्ट्रपति ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए सबके उज्ज्वल भविष्य की मंगल-कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि सबका जीवन सुख, शांति, सुरक्षा और सौहार्द से परिपूर्ण रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित