लखनऊ , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में एक सशक्त मॉडल बनकर उभर रहा है, जहां पर्यटन केवल भ्रमण तक सीमित न रहकर आजीविका, सांस्कृतिक संरक्षण और ग्रामीण विकास का माध्यम बन रहा है। वे राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

जयवीर सिंह ने कहा कि 'ग्रामीण एवं समुदाय-केंद्रित पर्यटन' की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति, समृद्ध विरासत और तेजी से विस्तार लेते पर्यटन परिदृश्य को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार आध्यात्मिक पर्यटन, इको-टूरिज्म और एग्री-रूरल टूरिज्म जैसे विविध आयामों को बढ़ावा देकर समग्र विकास की दिशा में कार्य कर रही है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि पर्यटन नीति-2022 के तहत धार्मिक, विरासत, वेलनेस, एडवेंचर, क्रूज और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके साथ ही कैपिटल सब्सिडी के माध्यम से बजट होटल, हेरिटेज होटल, रिसॉर्ट और रिवर क्रूज जैसी इकाइयों में निवेश को गति मिल रही है। कृषि विभाग के समन्वय से फार्म-स्टे, पारंपरिक खान-पान और ग्रामीण जीवनशैली से जुड़े अनुभवों को बढ़ावा देकर गांवों और किसान परिवारों को पर्यटन से जोड़ा जा रहा है।

कार्यक्रम में युवा टूरिज्म क्लब की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही ग्रामीण पर्यटन, फार्म-स्टे, पर्यटन ग्राम और 'बेस्ट सक्सेस स्टोरी' श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पुरस्कार प्रदान किए गए। कृषि क्षेत्र में नवाचार के लिए 15 किसानों को भी सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित