मलप्पुरम , मई 11 -- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय जोसेफ की बड़ी राजनीतिक रैलियों , खचाखच भरे अभियान स्थलों , बड़े-बड़े सामाजिक आयोजनों में साये की तरह रहने वाल नईम मूसा उनके सबसे भरोसेमंद लोगों में से एक बनकर उभरे हैं।
सूत्रों की मानें तो विजय के सभी सार्वजनिक आयोजनों में खामोशी से सुरक्षा की देखरेख करने वाले मूसा उनके सबसे भरोसेमंद लोगों में से एक बनकर उभरे हैं। मूसा सिर्फ एक बॉडीगार्ड ही नहीं बल्कि वीआईपी रक्षा, भीड़ के खतरे के प्रबंधन, यातायात समन्वय और आपातकालीन-स्थिति नियोजन के एक अनुभवी सुरक्षा रणनीतिकार के रूप में देखे जाते हैं।
माना जाता है कि तमिलनाडु में विजय की रैलियों में भीड़ के प्रबंधन की जिम्मेदारियां मूसा और उनकी टीम को सौंपी गयी थीं। एक मरतबा जब विक्रावंडी में बड़ी भीड़ तथा संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में मूसा और उनकी टीम ने दक्षता दिखाई तो वह विजय के और ज्यादा भरोसेमंद बन गये।
सुरक्षा टीम के करीबियों द्वारा अक्सर बताई जाने वाली एक और घटना विजय की एक फ़िल्म की केरल में हुई शूटिंग से जुड़ी है। बताया जाता है कि इस दौरान एक्टर के आस-पास भारी भीड़ जमा हो गयी थी, जिससे सुरक्षाकर्मियों के लिए तनावपूर्ण हालात पैदा हो गये थे। कहा जाता है कि मूसा और उनकी टीम ने इस स्थिति को बड़ी कुशलता से संभाला और विजय को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे अभिनेता का उन पर भरोसा और भी मज़बूत हो गया।
मूल रूप से माहे के रहने वाले नईम मूसा को काम के अवसरों की तलाश में विदेश जाने से पहले ही बॉडीबिल्डिंग और शारीरिक फिटनेस में गहरी रुचि हो गयी थी। उन्होंने शुरुआत में दुबई की एक निजी कंपनी में काम किया, जिसके बाद धीरे-धीरे वे पेशेवर सुरक्षा के क्षेत्र में आ गये।
मूसा ने 2008 में दुबई में "जेंटर सिक्योरिटी सर्विसेज़" नाम से एक निजी सुरक्षा और इवेंट-प्रबंधन कंपनी शुरू की। बताया जाता है कि जो काम एक छोटे से वेंचर के तौर पर शुरू हुआ था, वह बाद में एक जाने-माने सुरक्षा नेटवर्क के रूप में फैल गया, जो पूरे खाड़ी क्षेत्र में मशहूर हस्तियों, व्यवसायियों और वीआईपी मेहमानों को सेवाएं देता है।
पिछले कुछ वर्षों में उनकी कंपनी ने खाड़ी देशों के दौरे के दौरान कई जाने-माने भारतीय फ़िल्मी सितारों के लिए सुरक्षा और इवेंट लॉजिस्टिक्स का इंतज़ाम किया है। इनमें अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, शाहरुख खान, सलमान खान, कमल हासन और आमिर खान जैसे सितारे शामिल थे। करीबी सुरक्षा सेवाएं प्रदान करने के अलावा, मूसा का संगठन बड़े कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आवागमन की योजना बनाने और मनोरंजन कार्यक्रमों तथा मशहूर हस्तियों की मौजूदगी के दौरान आपातकालीन निकासी प्रबंधन में विशेषज्ञता रखता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित