नयी दिल्ली , फरवरी 06 -- दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को कहा कि छात्रों को परीक्षा से डरना नहीं बल्कि इसे उत्सव के रूप में लेना चाहिए।

श्री सूद ने आज यहां मोतीबाग में सीएम श्री स्कूल में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का परीक्षा पे चर्चा 2026 का लाइव प्रसारण देखा। छात्रों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा , "परीक्षाएं डरने की नहीं, उत्सव की तरह लेने की चीज़ हैं। आप अपनी पढ़ाई पर पूरा फोकस रखें, अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिए निरंतर मेहनत करें। समय का सही प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है।"उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन में संतुलन बहुत ज़रूरी है। पढ़ाई के साथ खेल में भी हिस्सा लें इससे आपकी मानसिक और शारीरिक दोनों का विकास होता है।

शिक्षा मंत्री ने परीक्षा के तनाव पर बच्चों से बात करते हुए कहा कि परीक्षा से डरने की कोई ज़रूरत नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को नयी चीज़ें सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने की सलाह देते हुए कहा कि असली आत्मविश्वास अंदर से आता है जब आप खुद पर भरोसा करना सीखते हैं और तभी आप अपने लक्ष्य को प्राप्त कर पाते हैं।

श्री सूद ने विद्यार्थियों को रोज़मर्रा की योजना बनाने की सीख देते हुए कहा कि आप हर दिन के लिए 'टू-डू लिस्ट' बनाएं और समय का सही उपयोग करें। यही आदत आपको आगे जीवन में सफल बनाएगी। परीक्षा को कभी भी जीवन का अंतिम पैमाना नहीं मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के मौसम में बच्चों पर सिलेबस, नोट्स और सामाजिक अपेक्षाओं का दबाव स्वाभाविक है, लेकिन इस दबाव को आत्मविश्वास में बदलना ही इस कार्यक्रम का उद्देश्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित