ऋषिकेश , फरवरी 06 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित 'परीक्षा पर चर्चा' कार्यक्रम को राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर सुना। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहकर तैयारी करने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की सलाह दी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा में अनावश्यक तनाव लेने से केवल नुकसान होता है, जबकि तनावमुक्त होकर परीक्षा देने से बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं और स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संदेशों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन शिक्षा मंत्री डॉ. रावत, श्री भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल, खंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट एवं प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा परीक्षा को लेकर दिए गए सुझावों को अपने जीवन में अपनाकर विद्यार्थी न केवल परीक्षा में बल्कि जीवन में भी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने 'परीक्षा पर चर्चा' कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
इस अवसर पर सीनियर एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स द्वारा शिक्षा मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शिक्षा मंत्री ने एनसीसी कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी के छात्र-छात्राएं अनुशासित एवं प्रशिक्षित होते हैं तथा कठोर प्रशिक्षण से ही एक श्रेष्ठ कैडेट का निर्माण होता है।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रवक्ता लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, शिव प्रसाद बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, जयकृत सिंह रावत, जितेंद्र बिष्ट, रंजन अंथवाल, जूनियर विंग एनसीसी अधिकारी विकास नेगी सहित विवेक शर्मा, अजय कुमार, सुनील थपलियाल, हरि सिंह, नीलम जोशी, शालिनी कपूर, ज्योतिरमय शर्मा, निवेदिता अग्रवाल एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित