धार , फरवरी 9 -- माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाओं की तैयारी छोड़कर बाइक चोरी में सक्रिय हुए 12वीं कक्षा के दो छात्रों को मध्यप्रदेश में धार कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत की 8 महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होनी थीं, लेकिन वे पढ़ाई की बजाय चोरी की बाइक बेचने की फिराक में शहर में घूम रहे थे।
पुलिस के अनुसार, शहर में पिछले कुछ दिनों से बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। सुनसान इलाकों से बदमाश मोटरसाइकिलें चोरी कर फरार हो रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन और सीएसपी सुजवाल जग्गा के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि भक्तामर रोड स्थित देवीजी मंदिर के पास दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर संजय पिता भगडिया अनारे और मनोज पिता कमरु अनारे, निवासी देवीपुरा टांडा, को हिरासत में लिया। जब उनसे बाइक के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और पूछताछ में अपने एक साथी के साथ बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने मगजपुरा क्षेत्र से बजाज पल्सर चोरी करना कबूल किया। पुलिस रिमांड के दौरान उन्होंने बताया कि अपने साथियों रितेश और नबलसिंह के साथ मिलकर धार और इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों से कई दोपहिया वाहन चोरी किए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर तिरला के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस ने बजाज पल्सर एन, टीवीएस स्टार सिटी एमपी 47 एमएल 9202, दो यामाहा आर 15, पीले रंग की बजाज पल्सर, सफेद रंग की आर 15, काले रंग की स्प्लेंडर और ग्रे रंग की स्प्लेंडर सहित कुल 8 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित