जयपुर , अप्रैल 24 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परिवेदनाओं में लापरवाही बरतने पर कार्मिकों को निलंबित करने एवं नोटिस देने तथा एक प्रकरण में जांच करने के निर्देश दिए हैं।
श्री शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राज उन्नति की चौथी बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए अधिकारी सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें। आमजन अधिकारी के पास अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए बड़ी उम्मीद से आते हैं। ऐसे में अधिकारी नियमित जनसुनवाई कर जनता को राहत दें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बालोतरा के विमलेश पटेल की पोषाहार वितरण में गलत खाते में भुगतान के प्रकरण में लापरवाही बरतने पर कार्मिक पर 16सीसीए का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एक अन्य प्रकरण में मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर के शांतिलाल कटारा की दिवंगत माता की जीएसएलआई बीमा राशि का भुगतान नहीं होने पर भी संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) को निलंबित करने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने अजमेर के बाबूलाल बैरवा द्वारा कृषि यंत्र सब्सिडी आवंटन संबंधी प्रकरण में भी अधिकारियों को लापरवाह कार्मिक पर एफआईआर दर्ज करने के लिए निर्देशित किया। बाड़मेर के धन्नाराम के कृषि आदान-अनुदान का भुगतान समय पर नहीं होने के प्रकरण में मुख्यमंत्री ने अनियमितताओं पर कलक्टर को जांच के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को कृषि एवं आपदा विभाग की ओर से जारी देय फसल मुआवजे की सही जानकारी किसानों को देने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित