चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- पंजाब के पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने ट्राली निर्माता उद्योगपति को धमकाने और वसूली करने के लिए दबाव बनाने के आरोपों में फंसे आम आदमी पार्टी (आप) के दो मंत्रियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मंत्री के कार्यालय से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है।

उन्होंने कहा कि आप के मंत्रियों ने लालच और असभ्य भाषा की सभी हदें पार कर दी हैं। इनका उद्योपगति से गाली गलौच करना और धमकाना सरासर गलत है। आप के मंत्री ही पंजाब के इनवेस्ट पंजाब जैसी मुहिम को धक्का लगाते हैं। ऐसे में कोई व्यापारी पंजाब में निवेश नहीं करेगा।

श्री परगट सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार के मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया और पूर्व मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल की ट्राली निर्माता मलकीत सिंह को धमकाने की ऑडियो वायरल होने के मामले में कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि पंजाब की बदकिस्मती है कि आप के मंत्रियों को सत्ता का नशा रास नहीं आ रहा है। वह सत्ता को पचा नहीं पा रहे हैं और ऐसी हरकतें कर रहे हैं। जनता के प्रतिनिधियों को बहुत सोच समझ कर बात करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अब आप सरकार के मंत्रियों को पता चल गया है कि उनकी सरकार का समय थोड़ा रह गया है। वह सोचते हैं कि अभी लूट-खसूट का बहुत काम बाकी है। आप के ही एक मंत्री लाल जीत सिंह भुल्लर ने भी पैसे के लालच में एक अधिकारी को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया था। अब उनके मंत्री मुंडिया और पूर्व मंत्री धालीवाल बिनैजसमैन को न केवल वसूली के लिए धमका रहे हैं, बल्कि गैंगस्टरों के धमकियां दिलवा रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्षी पार्टी होनें के नाते और पंजाब की छवि को बचाने के लिए हमेशा उद्योगपतियों और पीड़ित लोगों के साथ खड़ी है। ऐसे लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए हर मोर्चे पर काम किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित