पन्ना , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने 125.460 लीटर अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 83 हजार 640 रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अजयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक हरि सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार से अवैध शराब लाकर आरोपी आकाश सोनी के घर स्थित दुकान में रखी जा रही है। इस पर पुलिस टीम ने माधौगंज स्थित घर पर घेराबंदी की। मौके पर एक चारपहिया वाहन खड़ा मिला, जिसमें बैठा एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति भागने का प्रयास करते हुए पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम यादवेन्द्र सिंह परमार निवासी बनहरीकला थाना अजयगढ़ बताया। उसने अपने साथी आकाश सोनी निवासी बीआरसी रोड, माधौगंज के साथ मिलकर चंदला से शराब लाकर दुकान में रखने की बात स्वीकार की।
दुकान की तलाशी में 14 कार्टून में रखी 697 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड) बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 125.460 लीटर है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में थाना अजयगढ़ में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित