पन्ना , अप्रैल 11 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में महुआ बीनकर घर लौट रही एक महिला पर शुक्रवार की शाम अचानक बाघ ने हमला बोल दिया। महिला के साथ मौजूद ग्रामीणों ने दिल दहला देने वाली इस घटनाक्रम के दौरान साहस दिखाया, फलस्वरूप महिला की जान बच गई। इस हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि उत्तर वन मंडल पन्ना अंतर्गत विश्रामगंज रेंज के जंगल से महुआ बीनकर जब हम वापस घर लौट रहे थे, उसी समय झाड़ियों में छिपे बाघ ने 35 वर्षीय रामकली कोंदर के ऊपर हमला कर उसे जंगल की ओर घसीटते हुए ले जाने लगा। महिला के साथ चल रहे लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर बाघ से भिड़ गए। शोर शराबा और साथियों की आक्रामकता से घबराकर बाघ महिला को वहीं छोड़ जंगल की तरफ भाग गया। साथियों ने रामकली के गहरे जख्म पर कपडा बांधा ताकि खून ज्यादा न बहे और कंधे पर लादकर दो किमी. दूर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वन परिक्षेत्राधिकारी अजय बाजपेयी ने बताया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। वन विभाग ने लोगों को समझाया कि महुआ सीजन में अकेले जंगल की तरफ न जायें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित