पन्ना , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश में पन्ना जिले के लिए बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक क्षण साकार हो गया, जब सतना-पन्ना सेक्शन में नागौद से फुलवारी (देवेंद्रनगर) के बीच तैयार रेल ट्रैक पर पहली बार ट्रेन का सफल ट्रायल रन किया गया। जैसे ही ट्रेन फुलवारी रेलवे स्टेशन पहुंची, पूरा क्षेत्र उत्साह और गर्व से भर उठा। ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों ने इस पल का स्वागत तालियों और खुशी के साथ किया। यह क्षण जिले के इतिहास में एक यादगार उपलब्धि बन गया और विकास की नई शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नागौद से फुलवारी के बीच लगभग 15 किलोमीटर लंबे रेल खंड पर ट्रायल रन किया गया। इस दौरान कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी गुरु प्रकाश ने पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल के अधिकारियों के साथ ट्रैक का बारीकी से निरीक्षण किया। विशेष ट्रेन के माध्यम से ट्रैक की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
ट्रायल रन के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एएमएस हाशमी, डीआरएम केके तलरेजा, चीफ इंजीनियर जेएस मीणा और प्रोजेक्ट इंजीनियर सुनील प्रजापति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सीआरएस गुरु प्रकाश की देखरेख में 15 किलोमीटर के नवनिर्मित ट्रैक पर डीजल इंजन से संचालित ट्रेन को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया, जो तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर सफल रहा।
उल्लेखनीय है कि ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत सतना-पन्ना रेल खंड में नागौद-फुलवारी हिस्सा शामिल है। इस रेल खंड की कुल लंबाई लगभग 75 किलोमीटर है, जिसमें अब तक 45 किलोमीटर ट्रैक तैयार हो चुका है। फुलवारी से देवेंद्रनगर तक 7 किलोमीटर ट्रैक अंतिम चरण में है, जिसे अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पन्ना तक शेष 23 किलोमीटर ट्रैक को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित