पन्ना , मई 01 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र में विगत 29 अप्रैल को नाबालिग से सामूहिक दुष्कृत्य की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आज नगर में उनका जुलूस निकाला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता अपने एक मित्र से मिलने गई थी, तभी आरोपियों ने उसे जबरन जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कृत्य किया। इस दौरान पीड़िता के साथी युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल, नकदी और चांदी की चेन भी लूट ली गई। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर उसके सामने ही नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कृत्य किया।

घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आज गुरुवार को देवेंद्रनगर की सड़कों पर पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि ऐसे अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित