नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- उत्तरी रेलवे यूनियन के दिल्ली मंडल की सभी शाखाओं ने सोमवार को अपने-अपने कार्यस्थल पर पदोन्नति और रिक्तियां भरने से जुड़ी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

दिल्ली मंडल के मीडिया प्रभारी नारायण सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शन यूनियन महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के निर्देश पर दिल्ली के मंडलमंत्री अनुप शर्मा के नेतृत्व में हुए। यूनियन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि रेल कर्मचारियों की लंबित मांगों को तत्काल समाधान न किये जाने एवं इन मांगों पर भारत सरकार एवं रेल मंत्रालय का शीघ्र ध्यान आकर्षित करने के लिए अखिल भारतीय रेलवे पुरुष संघ (एआईआरएफ) के आह्वान पर यूनियन ने पूरे भारतीय रेलवे पर मांग दिवस मनाने का काम किया।

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि रेलवे के रनिंग कर्मचारियों के किलोमीटर भत्ता (केएम) की दरों में बढ़ोतरी की जाए, लेवल-1 (तत्कालीन ग्रेड पे 1800 रुपए) के 30 प्रतिशत पदों को बिना देरी के एआईआरएफ एवं रेलवे बोर्ड के बीच बनी सहमति के अनुसार लेवल-2 (तत्कालीन ग्रेड पे 1900 रुपए) में अपग्रेड करते हुए कर्मचारियों की पदोन्नती की जाए।

विज्ञप्ति में बताया गया कि लेवल-1 से लेवल-7 तक सीधी भर्ती के खाली पड़े पदों को तत्काल भरना, भारतीय रेल के बुनियादी ढांचे में बढ़ोतरी के हिसाब से अतिरिक्त बल भर्ती करना, सातवें केंद्रीय वेतन आयोग मैट्रिक्स के लेवल-8 और लेवल-9 में कार्यरत अराजपत्रित रेलवे कर्मचारियों को रात्रि ड्यूटी भत्ता का भुगतान करना भी मांगों में शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित