जयपुर , नवम्बर 06 -- राजस्थान में पीआईबी मुम्बई द्वारा राजस्थान दौरे पर आये पत्रकार दल ने पश्चिम राजस्थान में सम क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं गतिविधियों का अवलोकन किया।

इस दौरान पत्रकार दल ने बीएसएफ डेजर्ट पार्क का भ्रमण करके रेगिस्तानी क्षेत्र में सुरक्षा, प्रशिक्षण और सामरिक तैयारियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बीएसएफ डेजर्ट पार्क क्षेत्र की विशेष परिस्थितियों और महत्वपूर्ण भूमिका पर जानकारी दी।

दल ने बीएसएफ की विभिन्न पहल, नवाचार, स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने तनोट में सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों से मुलाकात की और तनोट माता मंदिर के इतिहास की जानकारी ली। इस दौरान दल ने सीमा क्षेत्र का दौरा भी किया। इस दौरे में अधिकारियों ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल द्वारा सीमा की सुरक्षा मजबूत है। सीमा सुरक्षा बल द्वारा नवीन तकनीक और गतिविधियों पर भी बल दिया जा रहा है।

इस अवसर पर सीमा की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए अवलोकन के दौरान बीएसएफ अधिकारियों ने दल को रेगिस्तान में सीमा सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों, तकनीकी संसाधनों के उपयोग, पर्यावरणीय परिस्थितियों में किए जाने वाले प्रशिक्षण तथा सीमा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरे में जैसलमेर के सुजलॉन पवन ऊर्जा केंद्र का पत्रकार दल ने दौरा किया और यहां की गतिविधियों और कार्य विवरण की जानकारी ली। वर्तमान में जैसलमेर जिले में 3680 मेगावाट पवन ऊर्जा उत्पादन हो रहा है, जो राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम के ग्रिड सब स्टेशनों के द्वारा प्रेषित होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित