बैतूल , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पत्नी के साथ ससुराल से अपने घर न लौट पाने के तनाव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय परसराम निवासी कनारी (थाना बीजादेही) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार परसराम 5 जनवरी को अपनी पत्नी रुक्मणी से मिलने उसके मायके बोरदेही थाना क्षेत्र स्थित खेड़ली बाजार आया था। उसने पत्नी से अपने साथ घर चलने के लिए कहा, लेकिन बस न मिलने और ठंड का हवाला देकर पत्नी ने जाने से इनकार कर दिया। अगले दिन सुबह भी परसराम ने समझाने की कोशिश की, मगर पत्नी नहीं मानी। इससे वह काफी परेशान हो गया।
बताया जा रहा है कि कल दोपहर करीब चार बजे परसराम घर से कुछ दूरी पर स्थित हाईस्कूल के पीछे गया, जहां एक पेड़ पर अपने मफलर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजन ने आशंका जताई है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा या परसराम पर किसी प्रकार का मानसिक दबाव रहा होगा, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। परिजनों का यह भी कहना है कि रुक्मणी अक्सर बिना बताए मायके चली जाती थी।
घटना के बाद जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंपा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित