धार , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम मेहगांव में एक माह पूर्व युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच के बाद पत्नी और उसके दूसरे पति को जिम्मेदार मानते हुए दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम मेहगांव निवासी जितेंद्र (35) ने 27 फरवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया था।
जांच में सामने आया कि मृतक ने तीन-चार वर्ष पूर्व लक्ष्मी नामक महिला से नातरा प्रथा के तहत विवाह किया था। वर्ष 2024 में दोनों मजदूरी के लिए गुजरात गए थे, जहां से महिला बिना बताए चली गई। बाद में जानकारी मिली कि उसने खरगोन जिले के ग्राम मरदाना निवासी संतोष भालसे से दूसरी शादी कर ली। परिजनों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले महिला मेहगांव आई और पति के साथ रहने के बदले उससे दो लाख रुपये की मांग करने लगी। इनकार करने पर वह वापस चली गई, जिससे मृतक मानसिक रूप से परेशान हो गया।
पुलिस को जांच के दौरान मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो भी मिला, जिसमें उसने पत्नी द्वारा बिना तलाक दूसरी शादी करने और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की बात कही है। एसडीओपी मोनिका सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल में मिले वीडियो साक्ष्य के आधार पर महिला लक्ष्मी और संतोष भालसे के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित