जशपुर , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुवा में एक महिला की उसके पति समेत चार लोगों ने जादू-टोने के शक में हत्या कर देने का मामला सामना आया है।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गोईदी बाई (48) पत्नी ठूपन राम के रूप में की गई है। प्रार्थी सहलू राम ने थाना सन्ना में सूचना दी कि उसकी बड़ी बहन गोईदी बाई अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मृतका के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पूछताछ और गवाहों के बयानों के आधार पर घटना का खुलासा हुआ। पांच मार्च की दोपहर करीब दो बजे गोईदी बाई और उसकी सौतन फुला बाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद फुला बाई और उसका पति ठूपन राम खेत की ओर चले गए। खेत में बनी झोपड़ी में अन्य आरोपी सुनील राम और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई पहले से मौजूद थे। कुछ देर बाद गोईदी बाई बर्तन धोने के लिए कुएं की ओर जा रही थी, तभी ठूपन राम उसे फुसलाकर झोपड़ी में ले गया। वहां सभी ने मिलकर हड़िया पी।
इसी दौरान सुनील राम ने आरोप लगाया कि उसके घर में बच्चा न होने और उसके पिता को कैंसर होने के पीछे गोईदी बाई का जादू-टोना है। इसी शक के चलते सुनील राम ने गोईदी बाई को जमीन पर पटक दिया और डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शव को घर ले गए और उसे बिस्तर पर लिटाकर कंबल से ढक दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त कर लिया है। आरोपियों के अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत मिलने पर ठूपन राम (45), फुला बाई (48), सुनील राम (23) और सुरन्ती बाई (22) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित