महराजगंज , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में युवक द्वारा दो बच्चों के साथ आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो और सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी को नामजद किया था। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि आठ मार्च को वादी ने थाना नौतनवा में सूचना दी थी कि उसके भाई अमरीश ठाकुर और उनके दो नाबालिग बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वादी ने आरोप लगाया कि मृतक की पत्नी बन्दना कुमारी, उसके परिजन और उसका प्रेमी सोनू गौतम इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं।
पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि बन्दना कुमारी सशस्त्र सीमा बल की 66वीं वाहिनी में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत है और उसका सोनू गौतम नामक युवक से प्रेम संबंध था। बताया गया कि इसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और विरोध करने पर पत्नी द्वारा पति को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि अमरीश ठाकुर ने आत्महत्या से पहले दो वीडियो रिकॉर्ड किए थे, जिनमें उन्होंने अपनी पत्नी, उसके प्रेमी और उसके परिवार के लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया था। पुलिस के अनुसार मृतक ने कमरे की दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाने की बात कही गई थी। बताया गया कि घटना के दिन अमरीश ने पहले अपने दोनों नाबालिग बच्चों को फांसी पर लटका दिया और उसके बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर वीडियो और सुसाइड नोट को जांच में शामिल किया। नौतनवा के क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मृतक की पत्नी बन्दना कुमारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 108 के तहत कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मंगलवार को नौतनवा पुलिस ने आरोपी बन्दना कुमारी को थाना गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित