सुलतानपुर , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत पखरौली रेलवे स्टेशन के पास बिहार की रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने चलती श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से छलांग लगाकर जान दे दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला का शव कई टुकड़ों में बंट गया। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेलवे पुलिस थाना प्रभारी भोला सिंह के अनुसार, बिहार के बक्सर जिले के रायपुरा गांव निवासी नीतू उपाध्याय अपने परिजनों के साथ लखनऊ से श्रमजीवी एक्सप्रेस से घर लौट रही थीं। गुरुवार रात करीब 1:40 बजे ट्रेन सुलतानपुर-वाराणसी रेलमार्ग पर पखरौली स्टेशन के निकट पहुंची थी। इसी दौरान नीतू शौच के बहाने ट्रेन के गेट के पास गईं और चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। यात्रियों द्वारा चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर आरपीएफ और कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने शव के अंगों को एकत्र कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और जिला अस्पताल भेजा, जहां से शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
बताया गया कि नीतू के पति अजीत का एक वर्ष पूर्व किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था और पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। 24 जनवरी को उन्हें लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उनकी मृत्यु हो गई। पति की मौत से आहत नीतू गहरे सदमे में थीं। अजीत का शव एंबुलेंस से गांव भेजा जा रहा था, जबकि नीतू परिजनों के साथ ट्रेन से जा रही थीं। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित