चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अपने पति की गर्दन काटकर हत्या करने वाली पत्नी को शनिवार को न्यायालय ने जेल भेज दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तमलाव गांव निवासी मोहन गुर्जर की आपसी झगड़े के बाद कुल्हाड़ी से वार कर गर्दन अलग कर देने की आरोपी पत्नी लाडदेवी को वृत्ताधिकारी शंकर लाल मीणा ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय, केंप बेगूं में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में बेगूं उप कारागृह भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सुबह बकरी का दूध निकालते समय मोहन गुर्जर पर उसी की पत्नी ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी और स्वयं भी आत्महत्या करने के लिये कुंए में कूद गयी। एक ग्रामीण ने उसे कूदते देख लिया तो अन्य ग्रामीणों ने उसे कुंए से रस्सियों के सहारे निकाल लिया। उनके 14 और 11 वर्ष के दो पुत्र हैं। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से ग्रसित थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित