हरिद्वार , दिसंबर 14 -- हरिद्वार में रविवार को ज्ञान भारतम मिशन, संस्कृति मंत्रालय के द्वारा आयोजित एक समारोह में पतंजलि विश्वविद्यालय को "क्लस्टर सेंटर" के रूप में मान्यता प्रदान की गई। इस संदर्भ में पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगगुरु स्वामी रामदेव, कुलगुरु डॉ. आचार्य बालकृष्ण तथा ज्ञान भारतम मिशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. अनिर्बान दाश, डॉ. श्रीधर बारीक (कॉर्डिनेटर, एनएमएम) तथा श्री विश्वरंजन मालिक (कॉर्डिनेटर, डिजिटाइजेशन, एनएमएम) की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।
इस अवसर पर योगगुरु स्वामी रामदेव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, संस्कृति मंत्री गजेंद्र शेखावत सहित ज्ञान भारतम मिशन की पूरी टीम का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की संस्कृति मूलक भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण का जीवंत उदाहरण है ज्ञान भारतम मिशन।
डॉ. आचार्य बालकृष्ण ने कहा की इस मिशन के अंतर्गत अभी तक 33 एमओयू साइन हुए हैं जिसमे क्लस्टर सेंटर 20 हैं। इनमें से आठ विश्वविद्यालय हैं और योग शिक्षा आधारित प्रथम क्लस्टर सेंटर पतंजलि विश्वविद्यालय है। उन्होंने बताया अभी तक पतंजलि विश्वविद्यालय में 50000 से ज़्यादा प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण, 42 लाख पृष्ठों के डिजिटलाइजेशन और 40 से अधिक पांडुलिपियों के शोधन एवं पुनर्प्रकाशन का कार्य किया जा चुका है। ज्ञान भारतम के क्लस्टर सेंटर के रूप में अब पतंजलि इस कार्य को और दिव्यता प्रदान करते हुए 20 केन्द्रों को भी प्रशिक्षित और प्रोत्साहित कर इस मिशन से जोड़कर भारतीय संस्कृति के रक्षण का कार्य कर सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित