अहमदाबाद , दिसंबर 30 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल सहित मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन, विचार, कार्य- संस्कृति और राष्ट्र के प्रति अडिग संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य के साथ मंगलवार को आयोजित मेगा म्यूजिकल मल्टीमीडिया शो 'नमोत्सव' देखा।

अहमदाबाद के घुमा स्थित संस्कार धाम में आयोजित इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्री मोदी के बचपन से लेकर राष्ट्र निर्माण की यात्रा तक के विभिन्न पड़ावों को संगीत, नृत्य, नाट्य और आधुनिक मल्टीमीडिया माध्यम द्वारा प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

'नमोत्सव' कार्यक्रम के माध्यम से श्री नरेन्द्र मोदी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने की भावना को सशक्त बनाने का संदेश सुंदर रूप में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध कलाकार साईंराम दवे सहित कुल 150 कलाकारों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुति से उपस्थित सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, सेवा, संकल्प, संस्कार और विकास के मूल्यों को कलात्मक रूप से उजागर किया गया।

संस्कार धाम के अध्यक्ष डॉ. आर. के. शाह ने स्वागत करते हुए सभी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वदेशी अपनाने की शपथ भी ग्रहण की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित