गांधीनगर , दिसंबर 16 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को गांधीनगर में लायंस इंटरनेशनल के आईसेम (आईएसएएमई, आईसेम)-2025 फोरम का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह फोरम लीडरशिप, को-ऑपरेशन और गुजरात के वैभव को दुनिया के समक्ष उजागर करेगा।

इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब की ओर से आयोजित 53वें लायंस इंटरनेशनल के आईसेम फोरम में भारत, दक्षिण एशिया और मध्य-पूर्व एशिया के देश शामिल हैं। आईसेम के सदस्य देशों के अलावा अमेरिका, कनाडा, यूरोप, एशिया और अफ्रीका के अनेक आमंत्रित देशों के प्रतिनिधियों सहित चार हजार से अधिक लोग गुजरात में आयोजित इस तीसरे फोरम में भाग ले रहे हैं। श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि ये लायंस सेवाभावी महात्मा गांधी महात्मा गांधी, सरदार पटेल और विश्व नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य में एकत्र हुए, यह भारतीय संस्कृति के 'वसुधैव कुटुम्बकम' मंत्र का जीवंत उदाहरण है।

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी भारत को विश्व मित्र और विकास का सक्रिय भागीदार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करते हैं। उनकी मंशा है कि विश्व समुदाय मानव-केंद्रित विकास, वैश्विक सहयोग और सॉफ्ट पावर के साथ मानव कल्याण का सामाजिक हित रखे। यह फोरम मोटिवेशन और इनोवेशन का मंच बनेगा और यहां एक मंच पर इकट्ठा हुए लीडर्स, सोशल वर्कर्स, इंस्पायरिंग पर्सनालिटीज और फ्यूचर लीडर्स समाज के जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए सेवा कार्यों को एक नई दिशा देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित