महेसाणा , दिसंबर 05 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महेसाणा जिले के ऊंझा में 10 बीघा के विशाल कैम्पस में आकार लेने वाले अत्याधुनिक मेनाबा रोटरी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का शुक्रवार को शिलान्यास किया।
श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखकर जनकल्याण का दृष्टिकोण अपनाया है, इसके परिणामस्वरूप आज दूरस्थ क्षेत्रों में भी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हुई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह हॉस्पिटल पूरे उत्तर गुजरात के लिए एक आधुनिक आरोग्य धाम बनेगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के इस यज्ञ में अपना योगदान देने वाले सभी दानदाताओं को सम्मानित किया। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव लाने के श्री मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा क 11 वर्षों के उनके कार्यकाल में चिकित्सा सेवा के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा में भी आमूल परिवर्तन आया है। जब वे गुजरात में मुख्यमंत्री थे, तब राज्य में 1175 मेडिकल सीटें थीं, उनके दूरदर्शी नेतृत्व में सीटों की संख्या में बड़ी वृद्धि हुई है। इसके चलते अब दूरस्थ गांवों में भी डॉक्टरों की सुविधा आसानी से मिलने लगी है।
उन्होंने कहा कि मोदी नीत केंद्र सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य को बनाए रखने और महंगे उपचार के खर्चों को कम करने के लिए आयुष्मान योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपए तक की मुफ्त उपचार व्यवस्था की है। राज्य सरकार ने इसमें पांच लाख रुपए और जोड़कर गुजरात की जनता को कुल 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य रक्षा कवच प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज राज्य की हर तहसील में डायलिसिस सेंटर और हर जिले में कीमोथेरेपी सेंटर शुरू हो गए हैं, जिसके कारण लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ता।
ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि डॉक्टर और कुशल मेडिकल स्टाफ स्वास्थ्य सेवा के लिए एक बुनियादी जरूरत है और प्रधानमंत्री ने इस जरूरत को पूरा करने रके लिए मेडिकल सीटों में बड़ी वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और उप जिला अस्पताल जैसा एक मजबूत ढांचा विकसित हुआ है।
उन्होंने कहा कि ऊंझा में बनने वाले इस हॉस्पिटल का भवन एक लाख वर्ग फुट क्षेत्र और 10 बीघा के विशाल कैम्पस के साथ अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। हॉस्पिटल में ही चार ऑपरेशन थियेटर, 200 से अधिक बेड, 20 आईसीयू बेड और 20 स्पेशलिटी क्लिनिक्स की सुविधा उपलब्ध होगी। हॉस्पिटल में जनरल मेडिसिन, न्यूरो एवं स्पाइन, ऑर्थोपेडिक, प्रसूति और स्त्री रोग, कार्डियोलॉजी, ऑन्को सर्जन और क्रिटिकल केयर जैसे सभी महत्वपूर्ण विभाग कार्यरत होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित