वाव थराद , जनवरी 25 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने थराद में लगभग 70 करोड़ रुपए की लागत से 39 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले जिला सेवा सदन का रविवार को भूमिपूजन एवं शिलान्यास (तख्ती अनावरण) किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी तथा राज्य मंत्री श्री स्वरूपजी ठाकोर उपस्थित रहे।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन के दृष्टिकोण के अनुरूप नागरिकों को सभी सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर सरलता से उपलब्ध हों, इस उद्देश्य से जिला मुख्यालयों पर जिला सेवा सदन के निर्माण का दृष्टिकोण अपनाया गया है। श्री पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा इस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए नवगठित वाव थराद जिले में आधुनिक सेवा सदन का निर्माण किया जाएगा।
इस नए जिला सेवा सदन में जिला कलेक्टर कार्यालय सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के 30 से अधिक जिला स्तरीय कार्यालय कार्यरत किए जाएंगे। इसके परिणामस्वरूप जिले के नागरिकों को एक ही स्थान से सरकार के विभिन्न विभागों की सेवाएं सरलता से प्राप्त होंगी तथा उनके समय और संसाधनों की बचत होगी, साथ ही प्रशासनिक कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
वाव थराद जिले के इस सेवा सदन का निर्माण ग्रीन बिल्डिंग के मानकों के अनुसार किया जाएगा। इसमें सोलर रूफ टॉप, वर्षा जल संचय की व्यवस्था, विशाल मीटिंग हॉल, अत्याधुनिक लिफ्ट तथा बेसमेंट पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। 77वें गणतंत्र पर्व की राज्य स्तरीय समारोह का पहली बार मेजबान बने वाव थराद जिले में महत्वपूर्ण विकास कार्य का शुभारंभ किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित