गांधीनगर , फरवरी 24 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अध्यक्षता में मंगलवार को नयी दिल्ली में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जीएमआरसी) के गिफ्ट सिटी गांधीनगर से अहमदाबाद शाहपुर तक के मौजूदा नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के विस्तार को दी गयी मंजूरी का स्वागत किया है।
श्री पटेल ने श्री मोदी के दृष्टिकोण से स्थापित और दुनिया भर में फिनटेक हब के रूप में ख्याति प्राप्त कर रहे गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में बहुराष्ट्रीय फिनटेक कंपनियों सहित गिफ्ट सिटी में संचालित इकाइयों, शैक्षणिक संस्थानों और व्यापारिक केंद्रों के साथ ही अहमदाबाद और गिफ्ट सिटी के बीच यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों को इस कनेक्टिविटी का लाभ देने के लिए प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय कैबिनेट का आभार व्यक्त किया है।
वर्तमान स्थिति में गुजरात मेट्रो के 68.28 किमी लंबे अहमदाबाद मेट्रो के फेज-1 (एपीएमसी से मोटेरा स्टेडियम (नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर) और थलतेज गांव से वस्त्राल गांव (ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर) और फेज-2 (मोटेरा स्टेडियम से महात्मा मंदिर और जीएनएलयू से गिफ्ट सिटी) कुल 53 स्टेशनों के साथ सितंबर-2022 (फेज-1) और जनवरी-2026 (फेज-2) से सफलतापूर्वक कार्यरत किये गये हैं, जिसका लाभ रोजाना लगभग 1.60 लाख लोगों को आसान आवाजाही के लिए मिल रहा है।
अब, केंद्रीय कैबिनेट ने गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक के 3.33 किलोमीटर लंबे विस्तार को मंजूरी दी है, जिसमें तीन एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। 1067.35 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत की इस परियोजना को लगभग चार वर्षों पूरा करने का आयोजन है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित