गांधीनगर , दिसंबर 30 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार को गांधीनगर में राज्य सरकार के वर्ष 2026 के कैलेंडर का अनावरण किया।

यह कैलेंडर 'आत्मनिर्भर भारत, हमारा गौरव, वोकल फॉर लोकल' थीम पर तैयार किया गया है। इसमें आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए गुजरात की पुरूषार्थ रूपी औद्योगिक प्रगति तथा कला-संस्कृति की समृद्धि को नयनाभिराम तस्वीरों और महत्वपूर्ण संक्षिप्त विवरणों के साथ प्रस्तुत किया गया है।

श्री पटेल ने उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में वर्ष 2026 के कैलेंडर का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त की। इस कैलेंडर में ऑटोमोबाइल उद्योग, रासायनिक उद्योग, फार्मा सेक्टर, सिरेमिक उद्योग, सेमीकंडक्टर, डायमंड जैसे उद्योगों तथा पाटण का पटोला, कच्छ की हस्तकला, पिठोरा चित्रकला, बांधणी, रोगन चित्रकला, अकीक कारीगरी जैसी गुजरात की विशिष्ट कलाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर राज्य स्तर के मंत्री डॉ. जयरामभाई गामित, मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, आयुक्त, कुटीर एवं ग्रामोद्योग आयुक्त तथा अपर प्रधान सचिव मोहम्मद शाहिद, सूचना निदेशक के. एल. बचाणी, सरकारी मुद्रण एवं छपाई कार्यालय के प्रभारी निदेशक प्रेमसिंह कंवर सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित