पटियाला 23 दिसंबर (वार्ता) असामाजिक तत्वों ने पंजाब के अमृतसर और जालंधर के बाद अब पटियाला में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी है।
यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गयी है, जिसमें साफ तौर पर दोपहर एक बजे से रात नौ बजे के बीच बम विस्फोट किये जाने की बात कही गयी है। धमकी भरा यह मेल अलग-अलग शिक्षण संस्थानों को भेजा गया, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गयीं। धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तानी समर्थक संगठन से जुड़ा बताया है। इस मेल में पटियाला के स्कूलों और कॉलेजों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई है। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, जिला प्रशासन ने पुलिस और बम निरोधक दस्तों को मौके पर भेज दिया।
पुलिस ने संबंधित स्कूलों, कॉलेजों और रेलवे स्टेशन परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा बलों की टीमों ने सभी संदिग्ध जगहों की जांच की। एहतियात के तौर पर कुछ शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गयी है, जबकि अन्य जगहों पर छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिये गये हैं।
पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने कहा कि स्कूलों के जरिये उन्हें सूचना मिली है, इसके बाद सुरक्षा के प्रबंध बढ़ा दिये गये हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग बढ़ा दी गयी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर सेल ई-मेल की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसने और कहां से भेजी। साथ ही सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित साजिश का हाथ तो नहीं है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को जानकारी दें, फिलहाल पूरे पटियाला में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमृतसर और जालंधर के स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल आये थे, जिसके बाद स्कूलों की छुट्टी कर दी गयी थी। जांच में कुछ पता नहीं चला कि धमकी किसकी तरफ से दी गयी है। जालंधर में 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप मच गया था। इन स्कूलों के प्रिंसिपल को धमकी भरी मेल भेजी गयी। कुछ स्कूलों को वॉयस मैसेज भेजकर धमकी दी गयी। धमकी का पता चलते ही तुरंत स्कूलों में चलती क्लास को बंद कर लाइटें बुझा दी गयीं। इसके बाद अभिभावकों को वॉट्सऐप, फोन कॉल और स्कूल एप की मदद से सूचना दी गयी थी, कि वह तुरंत अपने बच्चों को ले जाये। अमृतसर में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी। उसकी धमकी भरी मेल में भी यही लिखा गया था कि एक बजकर 11 मिनट पर तीन स्कूलोंमें एक-एक करके बम धमाके होंगे। इसके बाद मैनेजमेंट ने सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित