भरतपुर , दिसम्बर 06 -- राजस्थान में भरतपुर के आगरा-बांदीकुई रेलवे मार्ग पर नदबई से खेड़ली के बीच एक बड़ा हादसा होते होते टल गया।
रेलवे सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गुरुवार देर रात अज्ञात लोगों ने पटरी पर बड़े बड़े सीमेंटे के ब्लॉक रख दिये। उस समय वहां से एक मालगाड़ी निकल रही थी। उसकी गति धीमी होने की वजह से मालगाड़ी के चालक को पटरी पर रखे गये बड़े सीमेंट के ब्लॉक नजर आ गये। चालक ने हालांकि ब्रेक लगा दिये फिर भी ब्लॉक से इंजन टकरा गया। इससे ब्लॉक टूट गये, लेकिन मालगाड़ी पटरी से उतरने से बच गयी।
एक अन्य घटना के तहत इसी रेलमार्ग पर इंटरसिटी खुजराहो एक्सप्रेस पर बदमाशों ने पत्थर फेंके, इससे वातानुकूलित कोच का शीशा टूट गया। इस पर जयपुर नियंत्रण कक्ष को घटना की सूचना दी गयी। रेलवे पुलिस ने पथराव और पटरी पर बाधा डालने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित