पटना , अप्रैल 11 -- बिहार में पटना जिले के खिरीमोड़ थाना क्षेत्र से पुलिस ने 1.526 किग्रा गांजा बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 01 पालीगंज, राजीव चंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के नेतृत्व में अवैध हथियार तथा मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है ।इसी क्रम में शुक्रवार को सूचना प्राप्त हुई कि खिरीमोड़ थानांतर्गत रघुनाथपुर गांव निवासी कुंदन कुमार अपने घर में अवैध हथियार रखे हुए है ।प्राप्त सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया ।

श्री सिंह ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापामारी कर एक मैगजीन, दो कारतूस, पांच खोखा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार अभियुक्त से प्रारंभिक पूछताछ के क्रम में उसने स्वीकार किया कि वह अवैध मादक पदार्थ (गांजा) के कारोबार में संलिप्त है। उसकी निशानदेही पर पुनः तलाशी लेने पर घर से 1.526 किग्रा गांजा बरामद किया गया है ।इस संदर्भ में कांड दर्ज करते हुए अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित