पटना , अप्रैल 10 -- बिहार में पटना जिले के खगौल थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी से हुयी सोना की लूट के मामले में पुलिस ने 5.403 किलोग्राम सोना बरामद कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि चार अप्रैल को खगौल थानांतर्गत दानापुर स्टेशन से पूर्व आरओबी के समीप ऑटो रिक्शा से बाकरगंज मंडी जाने के क्रम में एक स्वर्ण व्यवसायी के साथ कस्टम अधिकारी बनकर कुछ अपराधियों ने सोना लूट की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। अनुसंधान में बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) एवं अन्य इकाइयों का सहयोग लिया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान तथा अन्य स्रोतों के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान की। इसके बाद पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अनुसंधान के क्रम में घटना में प्रयुक्त वाहन एवं अन्य बाइक बरामद किए गए, जिनमें प्रयुक्त चार पहिया वाहन चोरी का पाया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर 5.403 किलोग्राम सोना, 1,97,000 रूपया और नौ कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का पूर्व से ही गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित