पटना , अप्रैल 11 -- बिहार में पटना जिले के पिपलावां थाना और पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में लूट की कई घटनाओं का पुलिस ने उद्भेदन कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि पिपलावां थाना और पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में अलग-अलग लूट कांडों की गंभीरता को देखते हुये विशेष जांच दल (एसआईटी)का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त लूट कांडों में संलिप्त सभी पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आरव सिंह उर्फ विश्वजीत कुमार उर्फ चोखा,रविशंकर उर्फ शिरधर उर्फ देव, हरिकांत कुमार, राकेश कुमार और रौशन कुमार के रूप में की गयी है।

श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर दो देशी पिस्तौल ,एक देशी कट्टा,16 कारतूस, तीन खोखा, एक मैगजीन, 2,02,630 रूपये ,दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, एक लैपटॉप एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज/सामग्री बरामद की गयी है।अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में अलग कांड दर्ज कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित