पटना , दिसंबर 23 -- बिहार में पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र में एक महिला पर एसिड फेंके जाने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बाढ़ 01) आनंद कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि 21 दिसंबर को मोकामा थानांतर्गत एक महिला पर कार्यस्थल से घर लौटने के दौरान मोटर साइकिल पर सवार दो लोगों द्वारा एसिड फेंके जाने की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया। झुलसी महिला को स्थानीय नागरिकों की सहायता से तत्काल उपचार के लिये अस्पताल भेजा गया।
श्री सिंह ने बताया कि मामले के अनुसंधान के क्रम में घटना में दो महिलाओं की भूमिका सामने आई है, जिन्हें पुलिस ने छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल, एक मोटरसाइकिल एवं 97,000 रूपये नकद राशि बरामद की गई है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित