पटना , अप्रैल 26 -- बिहार में पटना जिले के बाईपास थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने रविवार को बताया कि 23 अप्रैल को बाईपास थानांतर्गत एक नाबालिग बच्ची का शव बरामद किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना सिटी-02 के नेतृत्व में कांड के त्वरित उद्भेदन के लिये एक विशेष टीम का गठन किया गया।गठित टीम द्वाराविधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम, डॉग स्क्वॉड के सहयोग, आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कांड का सफल उद्भेदन करते हुए मामले में संलिप्त अभियुक्त रंजीत कुमार को छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के क्रम में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह ठेले पर सामान बेचने का कार्य करता था तथा विगत करीब डेढ़ माह से उक्त बच्ची को सामग्री/रुपए का लालच देकर फुसलाने का प्रयास कर रहा था।

श्री शर्मा ने बताया कि 22 अप्रैल को प्रातः बच्ची जब दूध देकर अपने घर लौट रही थी, उसी दौरान अभियुक्त उसे फुसलाकर अपने घर ले गया। बच्ची द्वारा खतरे की आशंका होने पर शोर मचाने का प्रयास किया गया जिस पर अभियुक्त द्वारा पत्थर के लोढ़ी (मसाला पीसने वाला) से उसके सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई।घटना के बाद अभियुक्त द्वारा शव को कम्बल में लपेटकर अपने घर में बेड के नीचे छिपा दिया गया तथा रात्रि में शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया।पुलिस गश्ती को देखकर अभियुक्त शव को समीप की गली में छोड़कर भाग गया। इसके बाद पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से उसने कुछ संदिग्ध वस्तुएं कूड़े में फेंक दीं।

श्री शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर एवं आसपास से खून लगा लोढ़ी, खून लगे दो तकिए, बच्ची द्वारा प्रयुक्त स्टील का दूध का केन, कूड़े से बरामद खून लगे तीन तकिए के कवर, घटना के समय पहना हुआ खून लगा कपड़ा सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।साथ ही, घटना के बाद कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी स्वार्थवश रोड जाम कर पुलिस द्वारा किए जा रहे अनुसंधान कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही थी। इस संबंध में भी अलग से कांड दर्ज कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित