पटना , फरवरी 11 -- बिहार की राजधानी पटना के सिविल कोर्ट परिसर में एक वर्ष के अन्दर छठी बार और इसी सप्ताह दूसरी बार बम रखे जाने का इमेल प्राप्त होने के बाद बुधवार को फिर से दहशत फैल गई और अदालती कामकाज बंद हो गया।
ईमेल प्राप्त होने के बाद पटना सिविल कोर्ट के प्रभारी निबंधक ने तत्काल पुलिस को सूचित किया एवं जिला अधिवक्ता संघ के सचिव को सूचना देते हुए सुरक्षार्थ सिविल कोर्ट परिसर खाली करने का अनुरोध किया । साथ ही सभी न्यायिक पदाधिकारी ,कर्मचारी एवं आमजनो समेत को किसी भी व्यक्ति का प्रवेश परिसर में बंद कर दिया गया।
वकीलों ने भी परिसर स्थित बैठने की सभी जगहों को खाली कर दिया और सिविल कोर्ट परिसर से बाहर चले गए। इसके बाद अदालती कामकाज पूरी तरह से बंद हो गया।
इस बीच पटना पुलिस का बमनिरोधक दस्ता, श्वान दस्ता एवं वरीय पदाधिकारी तत्काल सिविल कोर्ट पहुंचे और चप्पे-चप्पे की तलाशी लेनी शुरू कर दी। भोजनावकाश तक पूरे परिसर की घनी तलाशी के बाद भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली तब जाकर न्यायालय परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई। इस बीच वकीलों ने अपने एक साथी बाबर हयात कादरी की मृत्यु के कारण शोक सभा का आयोजन किया और दूसरी पाली में न्यायालय में काम नहीं किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित