पटना , फरवरी 09 -- िहार की राजधानी पटना के सिविल कोर्ट परिसर में एक वर्ष के अन्दर पांचवीं बार बम रखे जाने का इमेल प्राप्त होने के बाद सोमवार फिर से दहशत फैल गई और अदालती कामकाज बंद हो गया। ईमेल प्राप्त होने के बाद पटना सिविल कोर्ट के प्रभारी निबंधक ने तत्काल पुलिस को सूचित किया एवं जिला अधिवक्ता संघ के सचिव को सूचना देते हुए सुरक्षार्थ सिविल कोर्ट परिसर खाली करने का अनुरोध किया । साथ ही सभी न्यायिक पदाधिकारी , कर्मचारी एवं आमजनो को भी सिविल कोर्ट परिसर से धीरे-धीरे बाहर निकाला गया । किसी भी व्यक्ति का प्रवेश परिसर में बंद कर दिया गया। भगदड़ और अफरा तफरी का माहौल न बने इसलिए शांतिपूर्वक परिसर को खाली कराने का पूरा प्रयास किया गया जिसे सफलता पूर्वक अंजाम भी दिया गया । वकीलों ने भी अपने बैठने की सभी जगह खाली कर दी और सिविल कोर्ट परिसर से बाहर चले गए । अदालती कामकाज पूरी तरह से बंद हो गया । इस बीच पटना पुलिस का बमनिरोधक दस्ता, श्वान दस्ता एवं वरीय पदाधिकारी तत्काल सिविल कोर्ट पहुंचे और चप्पे-चप्पे की तलाशी लेनी शुरू कर दी। भोजनावकाश तक पूरा सिविल कोर्ट परिसर खाली करा लिया गया और जांच की गई ।
गौरतलब है कि आज न्यायालय का कार्य शुरू होने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय में एक ई मेल प्राप्त हुआ जिसमें पटना सिविल कोर्ट परिसर में आरडीएक्स बम प्लांट किए जाने की बात कही गई थी । एक वर्ष की अवधि में यह पांचवीं बार है जब पटना सिविल कोर्ट में बम प्लांट किए जाने का इमेल प्राप्त हुआ है। इससे पूर्व 25 अप्रैल 2025 और 29 अगस्त 2025 तथा 16 अक्टूबर 2025 एवं 08 जनवरी 2026 को भी पटना सिविल कोर्ट में बम प्लांट किए जाने का इमेल प्राप्त हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित