पटना , फरवरी 03 -- पटना मेट्रो परियोजना के तहत मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के सहायक सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर के सफलतापूर्वक चार्ज होने से मेट्रो के सुचारू संचालन की दिशा में एक बड़ा कदम पूरा हुआ है।
ट्रांसफार्मर के चार्ज होने के बाद स्टेशन पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो गई है, जिससे आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक मेट्रो रेल सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस सेक्शन में मेट्रो परिचालन फरवरी के अंत तक शुरू होने की संभावना है।
एएसएस कक्ष में स्थापित ट्रांसफार्मर हाई- वोल्टेज बिजली को मेट्रो संचालन योग्य वोल्टेज में परिवर्तित करता है, जिससे स्टेशन की सभी आवश्यक सेवायें सुरक्षित और विश्वसनीय रूप से संचालित हो सकेंगी। इस तकनीकी प्रगति से यात्रियों की सुरक्षा, मेट्रो की कार्यक्षमता और नियमित संचालन को मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि फिलहाल पटना मेट्रो का परिचालन आईएसबीटी से भूतनाथ रोड स्टेशन तक हो रहा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से मलाही पकड़ी तक विस्तारित किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित