पटना , जनवरी 28 -- कला एवं संस्कृति विभाग और पटना जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में वसंतोत्सव कार्यशाला का आयोजन 5 से 8 फरवरी तक बिहार ललित कला अकादमी में किया जायेगा।
इस चार दिवसीय कार्यशाला का उद्देश्य बिहार की पारंपरिक लोककलाओं टिकुली कला और सिक्की कला को प्रोत्साहित करना और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कीर्ति आलोक ने बताया कि कार्यशाला में 11 वर्ष से 29 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। इसके लिये आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदक क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अथवा भरे हुये आवेदन- पत्र को जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, तृतीय तल, जिला विकास भवन, पटना समाहरणालय (गांधी मैदान) में जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 3 फरवरी अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी कलाकारों की ओर से टिकुली और सिक्की कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा, जिससे इन पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और प्रसार को नई दिशा मिलेगी।
आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी के लिये इच्छुक अभ्यर्थी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित