पटना, मार्च 19 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने गुरूवार को बताया कि कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय की ओर से 21 से 23 मार्च 2026 तक पटना में तीन दिवसीय "बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉनक्लेव, 2026" का आयोजन किया जा रहा है।

श्री यादव ने आज यहां आयोजित संवादाता सम्मेलन में बताया कि 21 से 23 मार्च तक पटना में तीन दिवसीय "बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉनक्लेव, 2026" का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में बागवानी के क्षेत्र में यह पहला राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जो "परंपरा से प्रगति तक" थीम पर आधारित एक प्रौद्योगिकी-सक्षम पहल है। इसका उद्देश्य राज्य में बागवानी एवं नर्सरी प्रबंधन को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाना है।

कृषि मंत्री ने बताया कि इस कॉनक्लेव में देश के प्रमुख नर्सरी संचालक, ग्रोवर, कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक, उद्यान महाविद्यालयों के विशेषज्ञ तथा बिहार के किसान एवं व्यवसायी एक मंच पर एकत्रित होकर बागवानी के क्षेत्र में किए गए नवाचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य में बागवानी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री यादव ने कहा कि यह कॉनक्लेव किसानों और नर्सरी संचालकों को आधुनिक तकनीक, उन्नत पौध किस्मों और बाजार के अवसरों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि टिश्यू कल्चर एवं उन्नत नर्सरी प्रबंधन के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले पौध सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे उत्पादन में गुणात्मक सुधार होगा। साथ ही राष्ट्रीय एवं बिहार पवेलियन में अत्याधुनिक तकनीकों, नवाचारों और प्रीमियम पौध सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित