पटना , दिसंबर 13 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर शहर में शनिवार को बारहवें दिन अतिक्रमण उन्मूलन मल्टी- एजेंसी विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान पर जिलाधिकारी स्वयं निगरानी रखे हुये हैं और सभी एसडीओ और एसडीपीओ को नियमित पर्यवेक्षण और फॉलो-अप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, पुलिस, परिवहन, राजस्व, अग्निशमन समेत कई विभागों की संयुक्त टीम ने विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में कार्रवाई की। नूतन राजधानी अंचल, पाटलिपुत्र, दानापुर निजामत, खगौल, अजीमाबाद, कंकड़बाग, बांकीपुर और फुलवारीशरीफ समेत कई इलाकों में अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाये गये। इस दौरान झोपड़ियां, ठेला, बांस, अवैध बैनर- पोस्टर और सड़क का मलवा हटाया गया, वहीं कई सामान जब्त किये गये।

शनिवार के अभियान में कुल 54,200 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही यातायात पुलिस की ओर से विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण उन्मूलन अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जायेगी। प्रशासन ने कहा है कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता है और अतिक्रमण के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित