पटना , दिसंबर 24 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बताया कि पटना में पूर्व मंत्री और पिछड़ों के आवाज कहे जाने वाले, निषाद समाज के बड़े नेता स्व. कैप्टन जयनारायण निषाद की प्रतिमा स्थापित की जायेगी।

श्री चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि स्व. जयनारायण निषाद की प्रेरणा से समाज आगे बढ़ेगा और अंतिम पंक्ति में बैठा व्यक्ति भी मजबूती के साथ खड़ा होगा।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बताया कि बिहार में मछली उत्पादन में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले हैदराबाद से मछली आती थी, लेकिन अब 128 मीट्रिक टन उत्पादन के साथ राज्य आत्मनिर्भर बन चुका है। अगले पांच वर्षों में उत्पादन को दोगुना करने और पड़ोसी राज्यों को मछली भेजने का लक्ष्य है।

श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन, उद्योग, रोजगार और प्रशिक्षण पर जोर है। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया, पेंशन योजना और छात्रवृत्ति योजनाओं से लाखों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा, उद्यमिता और रोज़गार के क्षेत्र में भी राज्य आत्मनिर्भर बन रहा है।

श्री चौधरी ने कहा-पिछड़े समाज को न्याय मिलेगा तभी विकास सही मायने में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि हर युवा को बिहार में रोजगार देने, महिलाओं, दिव्यांगों और बुजुर्गों के कल्याण पर ध्यान देने को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित