पटना , जनवरी 15 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और आपदा प्रबंधन विभाग के तत्वावधान में भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा (15-28 जनवरी) का शुभारंभ गुरुवार को समाहरणालय परिसर से किया गया।

इस आयोजन का उद्देश्य आम लोगों को भूकंप जैसी आपदाओं के प्रति जागरूक करना और उनसे निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है।

पखवाड़े के दौरान ई- रिक्शा आधारित प्रचार वाहन, नुक्कड़ नाटक, पंपलेट और बैनर के माध्यम से जन- जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। वहीं एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की ओर से मॉक ड्रिल आयोजित कर आपातकालीन तैयारी, प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया जायेगा।

यह आयोजन जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर किया जायेगा, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, अग्निशमन समेत विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में भाग लेकर भूकंप सुरक्षा के प्रति सजग बनें और एक सुरक्षित, आपदा- रोधी समाज के निर्माण में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित